जरूरतमंद छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में अत्यधिक सहायक सिद्ध हो रही अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति के संबंध में आर.एन.टी. कॉलेज, कपासन में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा छात्राओं को दी जाने वाली छात्रवृत्ति हेतु एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में रिसोर्स पर्सन पवन कुमार शर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा प्रदान की जाने वाली छात्रवृत्ति जरूरतमंद छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग है। उन्होंने छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
पवन कुमार शर्मा ने बताया कि फाउंडेशन द्वारा प्रत्येक वर्ष ₹30,000 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इस राशि का उपयोग विद्यार्थी शिक्षण शुल्क एवं अन्य शैक्षणिक खर्चों के लिए कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि वे छात्राएं इस छात्रवृत्ति के लिए पात्र हैं, जिन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं दोनों परीक्षाएं राज्य अथवा केंद्र शासित प्रदेश के सरकारी विद्यालय से उत्तीर्ण की हों तथा वर्तमान में 2 से 5 वर्ष की अवधि वाले किसी स्नातक डिग्री या डिप्लोमा पाठ्यक्रम में अध्ययनरत हों।


