आर.एन.टी. कॉलेज कपासन में गूंजा वंदे मातरम् गीत

स्थानीय आर.एन.टी. महाविद्यालय, कपासन में शिक्षा संकाय एवं एनएसएस-एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में वंदे मातरम् सामूहिक गीत का आयोजन किया गया।

स्थानीय आर.एन.टी. पीजी कॉलेज, कपासन में प्रातः 11 बजे शिक्षा संकाय, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं नेशनल कैडेट कोर (एनसीसी) की संयुक्त इकाइयों के तत्वावधान में एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों एवं कैडेट्स ने पूरे अनुशासन और गरिमा के साथ देश के गौरव वंदे मातरम् का सामूहिक गान किया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संस्थान के अकादमिक निदेशक एस. एन. शर्मा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि डॉ. रामसिंह चुंडावत एवं डॉ. निशा अग्रवाल ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एस. एन. ए. जाफरी ने की। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों का भावभीना स्वागत किया गया। कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण से की गई। इसके बाद सभी विद्यार्थी कतारबद्ध होकर खड़े हुए। जैसे ही वंदे मातरम् की गूंज उठी, पूरा परिसर देशभक्ति के माहौल से सराबोर हो गया। सभी ने एक सुर में राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन कर देश की एकता और अखंडता का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों एवं एनसीसी कैडेट्स का अनुशासन और देशभक्ति विशेष रूप से देखने को मिली।