आर.एन.टी. कॉलेज में राजनीति विभाग द्वारा कोलोकीयम का आयोजन

आर.एन.टी. कॉलेज, चित्तौड़गढ़ के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा
“इतिहास की चिंगारी से भड़की आग: भविष्य पर मंडराया वैश्विक खतरा” विषय पर एक कोलोकीयम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सहायक आचार्य मोहम्मद अरमान शेख थे। उन्होंने अपने संबोधन में ईरान–अमेरिका–इजराइल संघर्ष के कारण एवं परिणाम विषय पर विस्तृत चर्चा की। शेख ने बताया कि इस संघर्ष की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि बहुत गहरी है और यह केवल तीन देशों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी दुनिया की शांति के लिए एक गंभीर चेतावनी है। उन्होंने कहा कि ईरान–अमेरिका के बीच तनाव की शुरुआत 1979 की ईरानी क्रांति से हुई, जो आज एक विकराल रूप ले चुकी है। वहीं, ईरान और इजराइल के बीच दुश्मनी सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि अस्तित्व की लड़ाई बन चुकी है। अपने वक्तव्य में उन्होंने यह भी बताया कि आज का युद्ध अत्यधिक विनाशकारी हो गया है, क्योंकि इसमें ड्रोन स्ट्राइक, बैलिस्टिक मिसाइल और घातक बमों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे जन-धन की भारी हानि हो रही है। इस संघर्ष का प्रभाव केवल मध्य-पूर्व तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भी पड़ रहा है।