“फ्रेशर्स डे” का आयोजन नवागंतुक विद्यार्थियों के महाविद्यालय में स्वागत हेतु किया गया। इस अवसर पर स्थानीय आर.एन.टी. कृषि एवं आयुर्वेद नर्सिंग कॉलेज, चित्तौड़गढ़ में बुधवार को नवागत छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए “यूफोरिया 2026” नामक रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व सांस्कृतिक सचिव सूर्य प्रकाश सुवालका थे। सुवालका ने नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह एक सुंदर परंपरा है, जिसमें सीनियर विद्यार्थी अपने जूनियर विद्यार्थियों का स्वागत करते हैं तथा उनकी प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उनके समुचित विकास में सहयोग करते हैं। वहीं, जूनियर विद्यार्थियों द्वारा अपने भविष्य के निर्माण के लिए मार्गदर्शन देने वाले अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को सम्मान स्वरूप फेयरवेल दिया जाता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय प्रबंधन निदेशक डॉ. वसीम खान ने की। उन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि “यूफोरिया 2026” आधुनिकता और परंपरा का सुंदर संगम है, जो नवप्रवेशित विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का एक उत्कृष्ट मंच प्रदान करता है।


