आर.एन.टी. ग्रुप ऑफ कॉलेजेज में आयोजित हुआ “नशा मुक्ति जन अभियान – लक्ष्मण रेखा” कार्यक्रम

24 जून 2026। “नशा नरक का द्वार है।” यह विचार एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) राजस्थान द्वारा संचालित “जन अभियान – लक्ष्मण रेखा” के अंतर्गत आर.एन.टी. ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, कपासन में आयोजित नशा मुक्ति अभियान एवं सामाजिक सरोकार कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कपासन पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) हरीश भारती ने व्यक्त किए।

डीएसपी हरीश भारती ने अपने संबोधन में जीवन के अनुभव साझा करते हुए विशेष रूप से कोटा जैसे शिक्षा केंद्रों में नशे की लत का शिकार हुए विद्यार्थियों की वास्तविक घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा अपने जीवन को सकारात्मक दिशा देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, चित्तौड़गढ़ शाखा के थाना अधिकारी हेमाराम ने नशे के विभिन्न कारणों, उसके दुष्प्रभावों तथा राजस्थान सरकार द्वारा नशा मुक्ति के लिए चलाए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए उन्हें जागरूक किया तथा सक्रिय सहभागिता के लिए सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए।