महिला दिवस की पूर्व संध्या पर आर.एन.टी. कॉलेज, कपासन में महिला जागृति एवं सशक्तिकरण विषय पर एक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महिला अधिकारिता विभाग, चित्तौड़गढ़ की पर्यवेक्षक पूजा कुमावत उपस्थित रहीं। जबकि संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता अकादमिक निदेशक शिवनारायण शर्मा ने की।
इस अवसर पर पूजा कुमावत ने छात्राओं एवं उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में महिलाओं का सशक्त और आत्मनिर्भर होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों, शिक्षा के महत्व तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।
पूजा कुमावत ने अपने उद्बोधन में यह भी कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और समाज में बराबरी का स्थान प्राप्त करने के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, आत्मरक्षा और स्वावलंबन जैसे विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।


