मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर की अंतरमहाविद्यालयी हैंडबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता 2026 का आयोजन आर.एन.टी. महाविद्यालय, कपासन के खेल मैदान पर किया गया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में आर.एन.टी. महाविद्यालय, कपासन ने राजकीय महाविद्यालय, घोसुंडा को पांच अंकों से पराजित कर हैंडबॉल ट्रॉफी पर कब्जा किया।
संस्था सचिव नीमा खान ने बताया कि 16 से 17 अक्टूबर तक आयोजित दो दिवसीय मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर की अंतरमहाविद्यालयी हैंडबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता 2026 का समापन समारोह अपराह्न 1 बजे रविंद्रनाथ टैगोर पी.जी. महाविद्यालय, कपासन में आयोजित हुआ।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. एल.के. दशोरा ने प्रतियोगिता के समापन की घोषणा करते हुए कहा कि पहली बार आर.एन.टी. महाविद्यालय, कपासन ने न केवल हैंडबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता का आयोजन किया, बल्कि प्रतियोगिता में विजय भी प्राप्त की। यह खिलाड़ियों की खेल भावना, आपसी समन्वय एवं सामंजस्य का परिणाम है।
समापन समारोह की अध्यक्षता कर रहे आर.एन.टी. ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के चेयरमैन डॉ. वसीम खान ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई दी तथा सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।


