मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय की खो-खो ट्रॉफी पर आर.एन.टी. ने फिर से किया कब्जा

मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर की अंतरमहाविद्यालयी खो-खो (पुरुष) प्रतियोगिता 2026 का समापन समारोह अपराह्न 12:15 बजे रविंद्रनाथ टैगोर पी.जी. महाविद्यालय, कपासन के खेल मैदान पर आयोजित हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि कपासन पुलिस उपाधीक्षक हरीश भारती ने प्रतियोगिता के समापन की घोषणा करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलते हुए देश के लिए खेलना चाहिए। समापन समारोह की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. वसीम खान ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए विश्वविद्यालय स्तर पर महाविद्यालय की टीम को जीत दिलाने के लिए खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। महाविद्यालय के अकादमिक निदेशक एवं राजसमंद के पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी श्री शिवनारायण शर्मा ने विजेता आर.एन.टी. टीम को बधाई देते हुए डॉ. खान के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस ग्रामीण क्षेत्र में खेलों के प्रति रुचि रखने वाले लोगों की संख्या अपेक्षाकृत कम है। ऐसे में विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित कर आगे बढ़ाने का उनका प्रयास सराहनीय है।