आर.एन.टी. काॅलेज में उत्साहपूर्वक मनाया राष्ट्रीयविज्ञान दिवस, हुए विभिन्न आयोजन

आर.एन.टी. महाविद्यालय, कपासन के विज्ञान संकाय द्वारा “वुमन इन साइंस: कैटेलाइजिंग विकसित भारत” विषय पर राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय प्रबंध निदेशक डॉ. वसीम खान ने कहा कि “विज्ञान ज्ञान की जननी है। वर्तमान में बढ़ती तकनीकी ने नई खोजों को आसान बनाया है, जो विश्व की प्रगति का सूचक है।” उन्होंने विज्ञान एवं तकनीकी में नवाचार पर बल देते हुए कहा कि वर्तमान युग तकनीक और एआई का है, जिसने शोध एवं ज्ञान के विस्तार को नई दिशा दी है। संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. एस.एन.ए. जाफरी ने महान वैज्ञानिक सी. वी. रमन के जीवन पर प्रकाश डाला और बताया कि विज्ञान केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं, बल्कि हमारे दैनिक जीवन से गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने विद्यार्थियों से वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया।