मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर की अंतरमहाविद्यालयी खो-खो (पुरुष) प्रतियोगिता 2025 का समापन समारोह अपराह्न 2 बजे रवीन्द्रनाथ टैगोर पी.जी. महाविद्यालय, कपासन के खेल मैदान पर सम्पन्न हुआ।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कपासन पुलिस उपाधीक्षक श्री हरजी लाल यादव ने प्रतियोगिता के समापन की घोषणा करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलते हुए देश के लिए खेलना चाहिए। उन्होंने सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए बधाई दी तथा विश्वविद्यालय टीम को जीत दिलाने हेतु उनका मनोबल बढ़ाया।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय प्रबंध निदेशक डॉ. वसीम खान ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया एवं विजेता-उपविजेता टीमों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। महाविद्यालय प्राचार्य प्रो. एस. एन. ए. जाफरी ने विजेता आरएनटी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस दूरस्थ क्षेत्र में खेलों के प्रति रुचि रखने वाले लोग कम होते हैं, ऐसे में विद्यार्थियों को खेलों के लिए प्रेरित करना सराहनीय प्रयास है।
संस्था सचिव श्रीमती नीमा खान ने भी सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए बधाई दी। खेल अधीक्षक श्री राकेश जीनगर ने बताया कि 18 से 19 दिसम्बर तक आयोजित दो दिवसीय इस प्रतियोगिता के समापन समारोह का शुभारंभ माँ शारदे के दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। आयोजन सचिव श्री एच. एल. अहीर ने खेल प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब आरएनटी कॉलेज कपासन के मौला बक्ष को प्रदान किया गया। विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।


