कपासन 10 मार्च 2025, नगर स्थित आर.एन.टी. महाविद्यालय परिवार में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लड्डा परिवार को समर्पित विशाल हिंदी काव्य सरिता का आयोजन किया गया। जिसमें हिंदी के राष्ट्रीय कवियों और साहित्यकारों के साथ कई नव कवियों ने अपनी स्वरचित रचनाएं प्रस्तुत की।
कार्यक्रम संयोजक साहित्यकार एडवोकेट बंशीलाल लड्डा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के दीप प्रज्ज्वलन एवं युवा रचनाकार अब्दुल सत्तार ने सरस्वती वंदना से किया। कवि नंद किशोर निर्जर के संचालन में आयोजित काव्य सरिता में प्रथम कवि के रूप में युवा कवि सुनील बाटू ने राजस्थानी हास्य में रचित कुंवारेपन की रचना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आनंदमय बना दिया। इसके पश्चात कुमार हरीश ने महाभारत को आधार बनाकर द्रौपदी के चीरहरण से आधुनिक भारत की तस्वीर को उकेरा। रामराज राजस्थानी ने सम्पूर्ण माहौल को देशभक्तिमय बना दिया। कवि अब्दुल सत्तार ने मां की महिमा पर मार्मिक गीत से कविता काव्य सरिता को नया रूप दिया। इसके बाद मंच पर आए डॉ. बनवरीलाल पारीक नवल ने कवि बंशीलाल लड्डा पर लिखी दिल दहलाने वाली कविता को प्रस्तुत किया।
कवि जगदीश सिंह राव ने तकनीक के युग में खो रहे संस्कारों पर अपनी प्रस्तुति दी। वर्तमान समय की महत्ता बताते हुए कवि बंशीलाल लड्डा ने अपनी प्रस्तुति दी, जिसने सभी को ताली बजाने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने महिला दिवस पर सभी देशभक्त वीरांगनाओं को याद करते हुए उन्हें पुण्यांजलि अर्पित की। कवि नंद किशोर काकड़ा ने नेताओं के आचरण पर कटाक्ष करते हुए हास्य रस से भरी कविता प्रस्तुत की। कवि सुनील टेलर ने देशभक्ति से ओतप्रोत कविता प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। भीलवाड़ा से आए साहित्यांचल पत्रिका के संपादक एवं कवि एस. एन. व्यास मधुप ने महाराणा प्रताप की महिमाओं पर जोश भरी कविता प्रस्तुत कर काव्यसदन को एक नया रूप दिया। वहीं हास्य कवि अमृतलाल चंगेरिया ने अपने हास्य मुक्तकों के द्वारा सभी को खुशी से लोटपोट कर दिया। राजस्थानी कवि चंगेरिया ने देशज भावनाओं में हास्य व्यंग प्रस्तुत कर हजारों ताली बजवाईं।
प्रतापगढ़ के पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी एवं कलमकार योगेश जानी का सभी कवियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। कवि जानी ने अपने उद्बोधन से भारतीय महिलाओं का महिमामंडन किया। मुख्य अतिथि कपासन अपर जिला न्यायाधीश महेन्द्र सोलंकी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की सभी को शुभकामनाएं देते हुए एक अच्छे आयोजन की सराहना की। महाविद्यालय प्रबंध निदेशक डॉ. वसीम खान एवं नीमा खान ने काव्य सरिता की अध्यक्षता करते हुए मंच से युवा रचनाकारों की खूब सराहना की और शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए मंच के आग्रह पर निकट भविष्य में एक अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन करवाने की घोषणा की। कार्यक्रम के समापन पर राहुलेंद्र डांगी ने सभी का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ काव्य सरिता का समापन हुआ।
काव्य सरिता में पूर्व ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रामसिंह चुण्डावत, साहित्यकार शिव नारायण शर्मा, राधेश्याम लड्डा, राजकुमार लड्डा, जयेश लड्डा, ललित लड्डा, कैलाश लड्डा, प्रभुलाल टेलर, रामनारायण शर्मा, फतेह सिंह अरनिया, उज्ज्वल दाधीच, गांव के गणमान्य नागरिक, महाविद्यालय के सभी स्टाफगण और विद्यार्थी उपस्थित थे।
