आर.एन.टी. ग्रुप ऑफ कॉलेजेज एवं दीक्षा इंटरनेशनल स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में कॉलेज परिसर में 77वाँ गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान ध्वजारोहण महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. वसीम खान, निदेशिका श्रीमती नीमा खान तथा मुख्य अतिथि उदयपुर के पूर्व सांसद श्री अर्जुन लाल मीणा द्वारा किया गया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में मीरा गर्ल्स कॉलेज, उदयपुर की वनस्पति विज्ञान की पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. गायत्री स्वर्णकार एवं एक्स रेडियो अधीक्षक श्री मणिलाल परमार उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्री अर्जुन लाल मीणा ने अपने उद्बोधन में कहा कि जहाँ एक ओर विश्व के कई देश युद्ध एवं आंतरिक संघर्षों से जूझ रहे हैं, वहीं भारत वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना के साथ आर्थिक प्रगति की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति के लिए साम्प्रदायिक सौहार्द आवश्यक है तथा देश का विकास स्वदेशी तकनीक को मजबूत करने से ही संभव है, जिससे जीडीपी में वृद्धि होगी।
महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. वसीम खान ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आज का बच्चा ही कल का भविष्य है। माननीय प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने में यही विद्यार्थी भविष्य में भारत के भाग्य निर्माता बनेंगे। यदि देश का प्रत्येक नागरिक अपने-अपने कार्यक्षेत्र में राष्ट्रहित को प्राथमिकता दे, तो भारत को महाशक्ति बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने युवाओं की नई सोच और स्टार्टअप संस्कृति को भारत की आर्थिक प्रगति का मजबूत आधार बताया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एस.एन.ए. जाफरी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण, राष्ट्रगान एवं माँ भारती के दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा परेड की सलामी ली गई।
गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर दीक्षा इंटरनेशनल स्कूल एवं आर.एन.टी. ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। दीक्षा इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियाँ अत्यंत मनमोहक रहीं। पीजी, बीएड, बीएसटीसी एवं कृषि संकाय की छात्राओं ने राजस्थानी परिधानों में आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। वहीं नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से भरपूर करतब एवं पिरामिड प्रदर्शन ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।


