आरएनटी काॅलेज में महिला दिवस पर हुआ संवाद कार्यक्रम

कपासन 8 मार्च 2025 ’’महिलाओं को आज अपने आप को पहचानने की जरूरत है। महिलाएं राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हर क्षेत्र में आगे हैं।’’ ऐसे विचार आर.एन.टी. पी.जी. कॉलेज, कपासन में महाविद्यालय की दीक्षा महिला प्रकोष्ठ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर संवाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बूंदी डाइट के वरिष्ठ सह आचार्य भूपेन्द्र कुमार शर्मा ने राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नारीशक्ति की उपलब्धियों के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए नारी समाज को जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने महाविद्यालय की बालिकाओं एवं स्टाफ की महिलाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि आप अपनी क्षमताओं, दक्षताओं एवं योग्यताओं को भली प्रकार पहचानकर वह मिसाल कायम कर सकती हैं, जिसके द्वारा आपका परिवार, समाज और गांव गौरवान्वित हो सके। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर संवाद कार्यक्रम में अकादमिक निदेशक शिवनारायण शर्मा ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार प्रकट करते हुए बताया कि नारी जगत की वह पवित्र ज्योति है, जिसमें सद्भावनाओं का प्रकाश जगमगाता है। वह मूर्तिमान माधुर्य है, जिसमें प्रेम का सागर लहराता है। नारी का तप, नारी का स्नेह, नारी का वात्सल्य, समर्पण, विश्वास और सेवाएं ऐसी विशेषताएँ हैं, जिन्हें पाकर मनुष्य अमोघ और अक्षय विशेषता वाला बन जाता है। वरिष्ठ साहित्यकार एवं एडवोकेट बंशीलाल लड्डा ने महिलाओं से संबंधित न्याय व्यवस्था में बने कानून की जानकारी देते हुए अधिकारों से अवगत कराया। साथ ही महिलाओं पर हो रहे अत्याचार पर प्रकाश डालते हुए उन्हें रोकने के उपाय सुझाए। महाविद्यालय निदेशक साहित्यकार डॉ. रामसिंह चुण्डावत ने सभी को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए नारी सशक्तिकरण पर जोर दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन महाविद्यालय उपाचार्य डॉ. ओ.पी. सुखवाल ने किया। कार्यक्रम में संस्था सचिव नीमा खान, बी.एड. प्राचार्य डॉ. निषा अग्रवाल, डॉ. सुनीता परिहार, डॉ. मोनिका जैन, डॉ. नीलिमा जोशी, अंकिता कुमारी, मोनिका कुमारी, दिलशाद बेगम, सलमा बानू, रमीमा बानू, मेघा चतुर्वेदी, नेहा गर्ग, संगीता, सेजल, रश्मि, एनएसएस प्रभारी एच.एल. अहीर आदि ने सहयोग प्रदान किया।