आर.एन.टी. पी.जी. कॉलेज, कपासन के मनोविज्ञान विभाग द्वारा विद्यार्थियों के शैक्षणिक, व्यावहारिक एवं अनुसंधानात्मक कौशल को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण अनुसंधानात्मक एवं शैक्षणिक भ्रमण का सफल आयोजन किया गया।
मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. निधि अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को वास्तविक परिस्थितियों में मनोवैज्ञानिक अध्ययन का प्रत्यक्ष अनुभव प्रदान करना था। भ्रमण के दौरान दिव्यांगजनों की केस स्टडी, सामाजिक समायोजन, मानसिक स्वास्थ्य, व्यक्तित्व मूल्यांकन तथा सीखने की क्षमता मापनी के माध्यम से सीखने से संबंधित कठिनाइयों का वैज्ञानिक अध्ययन किया गया।
इस शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत सहायक प्रोफेसर प्रांजल गर्ग के कुशल मार्गदर्शन में मनोविज्ञान विभाग के 45 विद्यार्थियों को चित्तौड़गढ़ स्थित श्री सांवलिया बहुउद्देशीय दिव्यांग आवासीय विद्यालय ले जाया गया। विद्यार्थियों ने दिव्यांग विद्यार्थियों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर उनकी व्यक्तिगत, पारिवारिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक पृष्ठभूमि से संबंधित जानकारियाँ एकत्र कीं तथा उनके आधार पर विस्तृत केस स्टडी तैयार की।


