कृषि छात्रों का दो दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम सम्पन्न, आर.एन.टी. स्टार्टअप फंड की घोषणा

आर.एन.टी. कृषि महाविद्यालय, कपासन में बी.एससी. कृषि ऑनर्स प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित दो दिवसीय ओरिएंटेशन (दीक्षारंभ) कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में नीमच के परियोजना निदेशक आत्मा डॉ. यतिन मेहता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर डॉ. यतिन मेहता ने अपने उद्बोधन में कहा कि “कृषि मानव सभ्यता और मानव जीवन का आधार है।” उन्होंने कहा कि विश्व चाहे विनिर्माण उद्योग और सेवा क्षेत्र में कितनी ही प्रगति क्यों न कर ले, तब तक वह पूर्ण नहीं हो सकती जब तक कृषि का विकास नहीं होता। उन्होंने बताया कि मनुष्य के प्रत्येक कार्य का अंतिम परिणाम दो वक्त की रोटी है, जो केवल कृषि से ही संभव है।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि कृषि एक ऐसा क्षेत्र है जिसमें छोटे-छोटे प्रयोगों और नवाचारों के माध्यम से अपनी आय को बढ़ाया जा सकता है। आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर किसान और कृषि विद्यार्थी बेहतर उत्पादन तथा आर्थिक लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की ओर से आर.एन.टी. स्टार्टअप फंड की घोषणा भी की गई, जिसका उद्देश्य कृषि क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान और स्टार्टअप गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है। इस फंड के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने नए विचारों और परियोजनाओं को विकसित करने का अवसर मिलेगा।