आर.एन.टी. कॉलेज कपासन में “अंतरराष्ट्रीय ओज़ोन दिवस” पर संगोष्ठी आयोजित

16 सितम्बर 2025 — स्थानीय आर.एन.टी. महाविद्यालय, कपासन में भूगोल विभाग एवं एनएसएस के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय ओज़ोन दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

भूगोल विभागाध्यक्ष रेवती रमन नागर ने बताया कि महाविद्यालय प्राचार्य एवं भौतिकी के वैज्ञानिक प्रो. एस. एन. ए. जाफरी की अध्यक्षता में “ओज़ोन परत का मानव जीवन एवं कृषि पर प्रभाव” विषय पर यह संगोष्ठी आयोजित की गई।

मुख्य वक्ता अकादमिक निदेशक शिवनारायण शर्मा ने ओज़ोन परत की बनावट, कृषि एवं पर्यावरण पर ओज़ोन ह्रास के प्रभावों को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि यद्यपि वर्तमान में सीएफसी गैसों की कमी के कारण ओज़ोन परत में कुछ सुधार हुआ है, किंतु मानवीय आकांक्षाओं और अंधाधुंध विकास ने इसे पुनः कमजोर किया है। इसका दुष्परिणाम यह है कि जहां एक ओर स्वतंत्र रूप से विचरण करने वाले पक्षियों की मृत्यु हो रही है, वहीं मानव एवं पशुओं में चर्म रोग जैसी बीमारियों की वृद्धि देखी जा रही है।

उपप्राचार्य एवं अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. ओ. पी. सुखवाल ने बताया कि ओज़ोन परत के क्षरण का प्रत्यक्ष प्रभाव कृषि उत्पादन पर भी पड़ा है। ग्लोबल वार्मिंग जैसी घटनाएँ इसी का परिणाम हैं।